बीटेक छात्र का शव छात्रावास के कमरे में लटका मिला
Spread the love

पंतनगर विश्वविद्यालय में सनसनी: बीटेक छात्र का शव छात्रावास के कमरे में लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस

पंतनगर। पंतनगर कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के रजत जयंती छात्रावास में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बीटेक तृतीय वर्ष (सिविल इंजीनियरिंग) के छात्र अक्षत सैनी (20) का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही वार्डन, सुरक्षा अधिकारी और पुलिस टीम तत्काल छात्रावास पहुंची।

सूत्रों के अनुसार, सुबह साथी छात्र रोज की तरह अक्षत को क्लास के लिए बुलाने पहुंचे, लेकिन अंदर से कोई जवाब न मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। काफी देर दस्तक देने के बाद भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद छात्रों ने जोर लगाकर दरवाजा खोला तो भीतर का दृश्य देख सभी दंग रह गए। अक्षत पंखे से मफलर के सहारे लटका हुआ था।

छात्रों ने तुरंत मफलर काटकर उसे नीचे उतारा और छात्रावास में ही रहने वाले उसके रिश्तेदार दिव्यांश सैनी सहित सुरक्षा कार्यालय को सूचना दी। कुछ ही देर में सुरक्षा अधिकारी ठाकुर सिंह, वार्डन, चीफ वार्डन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।

थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर मामला आत्महत्या का लग रहा है। कमरे से एक डायरी, मोबाइल फोन और मफलर बरामद हुए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस इन सभी एंगलों से मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। विश्वविद्यालय परिसर में घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।


Spread the love