नैनीताल/हल्द्वानी। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर के पूर्व हैड ऑफ इंस्टीट्यूशन और भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर हरिदत्त बिष्ट के निधन पर शैक्षणिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रोफेसर बिष्ट आईआईटी कानपुर से भी सेवानिवृत्त हुए थे।

उनके छोटे भाई, प्रोफेसर प्रेम बिष्ट द्वारा फेसबुक पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर बिष्ट का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से परिसर के पूर्व छात्रों, शिक्षकों और उनसे जुड़े लोगों में गहरा दुख है।

कुमाऊं विश्वविद्यालय में अमूल्य योगदान

डीएसबी परिसर से जुड़ी शोक संवेदना में वक्ताओं ने बताया गया है कि जब वर्तमान पीढ़ी के कई लोग परिसर में पहुँचे, तब प्रोफेसर बिष्ट हैड ऑफ इंस्टीट्यूशन थे। वह परिसर और उसकी प्रॉपर्टी व शैक्षणिक गतिविधियों के प्रति अत्यंत संवेदनशील और प्रतिबद्ध थे। परिसर में कई अवसरों पर उनके मार्गदर्शन और व्यावहारिक धरातल पर ज्ञान प्राप्त करने का अवसर मिला।

शोक संदेश में कहा गया है, “जब से उनसे पहचान हुई, हमेशा ही उनका स्नेह मिलता रहा। उनके निधन से हमने एक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक शिक्षाविद् व ताउम्र अपनी सक्रियता से समाज को योगदान देकर सकारात्मकता और प्रेरित करने वाले एक मनीषी को खो दिया है, जो बहुत बड़ी क्षति है।”

पूर्व विधायक जंतवाल ने जताया दुख

उत्तराखंड क्रांति दल के पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल ने भी प्रोफेसर एच.डी. बिष्ट के निधन पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

सभी ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति और परिजनों, मित्रों व उनसे जुड़े सभी लोगों को इस कठिन समय में संभलने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की है।