बिजली चोरी
Spread the love

हल्द्वानी | बिजली चोरी पर आयुक्त सख्त, छापेमारी और एफआईआर के निर्देश

आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बिजली चोरी के मामलों पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्युत चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

आयुक्त ने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए विभागीय और विजिलेंस टीमों को पूरी तरह सक्रिय करते हुए नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाए। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस दौरान टीमों को हर स्तर पर प्रशासनिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में आयुक्त ने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता आरसी गुंज्याल को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में कर्मचारी लंबे समय से तैनात हैं, वहां से उनका स्थानांतरण किया जाए, ताकि किसी प्रकार की मिलीभगत की आशंका न रहे। साथ ही कांटा डालकर या अन्य अवैध तरीकों से बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाकर एफआईआर दर्ज कराना भी सुनिश्चित किया जाए।

आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि लाइन लॉस कम करना विद्युत विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिससे ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके और राजस्व की हानि भी रोकी जा सके। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

बैठक में विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता आरसी गुंज्याल ने जानकारी दी कि हल्द्वानी क्षेत्र में आजाद नगर फीडर में लगभग 87 प्रतिशत और गांधीनगर फीडर में करीब 70 प्रतिशत लाइन लॉस दर्ज किया जा रहा है। इस पर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में विद्युत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।


Spread the love