लालकुआं की समस्याएं सीधे सीएम तक, अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी की धामी से मुलाकात—मालिकाना हक से स्टेडियम तक उठे बड़े मुद्दे
देहरादून। लालकुआं नगर पंचायत के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में शिष्टाचार भेंट कर लालकुआं नगर की वर्षों से लंबित और ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से रखा। इस दौरान नगर के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि लालकुआं नगरवासियों के मालिकाना हक की रुकी हुई प्रक्रिया को पुनः प्रारंभ किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके। इसके साथ ही नगर क्षेत्र में मिनी स्टेडियम, इलेक्ट्रिक शवदाह गृह की स्थापना तथा नगर क्षेत्र में खाली पड़ी राजस्व भूमि को नगर पंचायत के विकास कार्यों हेतु हस्तांतरित किए जाने की मांग रखी गई।
अध्यक्ष लोटनी ने शहर के बीच से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन को नगर क्षेत्र से बाहर शिफ्ट किए जाने का मुद्दा भी उठाया, जिसे लेकर लंबे समय से नगरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। इसके अलावा नगर के अन्य विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर भी मुख्यमंत्री को विस्तार से जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए लालकुआं नगर की समस्त समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास से जुड़े मामलों में आवश्यक कार्रवाई जल्द अमल में लाई जाएगी।
मुलाकात के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए सभी नगरवासियों की ओर से नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
इस अवसर पर सभासद सुरेश शाह और सभासद भुवन पांडे भी उपस्थित रहे।
