सुबह-सुबह धरती कांपी, बागेश्वर केंद्रित भूकंप से जिले में दहशत
बागेश्वर। मंगलवार तड़के जिले में अचानक धरती के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ पलों के लिए लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई, जबकि इसका केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में स्थित बताया गया है।
भूकंप का केंद्र 29.93 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 80.07 डिग्री पूर्वी देशांतर पर दर्ज किया गया, जिसकी गहराई लगभग 10 किलोमीटर रही। झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों में खड़े नजर आए।
अचानक आए झटकों के बाद पूरे इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल बना रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी भी तहसील क्षेत्र से जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
भूकंप के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि घबराएं नहीं, सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन या आपदा नियंत्रण कक्ष को सूचना दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल स्थिति सामान्य है, लेकिन भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र होने के कारण पूरी सतर्कता बरती जा रही है।
