सोशल मीडिया खा रहा है इंसान का दिमाग,इंटरनेट पर गलत ज्ञान दिए जाने पर पुत्र ने कर दी माँ की हत्या
देहरादून में एक युवक ने अपनी मां को इंटरनेट पर देखी गयी जानकारी के आधार पर मौत के घाट उतार दिया। खुद को बचाने के लिए वह बार बार माँ की आत्महत्या करने की बात कह रहा था, लेकिन उसका झूठ ज्यादा देर टिक नहीं पाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि चंद्रा देवी (52 वर्ष) स्पेशल विंग प्रेमनगर में अपने पति व छोटे बेटे अजय सिंह बिष्ट के साथ रहती थीं। चंद्रा देवी के पति माधो सिंह सेना से सेवानिवृत्त होकर वर्तमान में डीएसपी आर्मी में आईएमए में नौकरी करते हैं। उनका बड़ा बेटा बड़ोदरा (गुजरात) में सेना में ही नौकरी करता है। अजय अल्सर से बीमार था
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अल्सरेटिव कोलाइटिस नाम की बीमारी से ग्रसित है। जिसके बारे में उसने इंटरनेट पर देखा करता था की किस वजह से यह बीमारी होती है। इंटरनेट पर उसने देखा था कि यह बीमारी धीमे जहर से होती है। उसको शक अपनी माँ पर होने लगा कि माँ के कारण ही उसको यह बीमारी हुई है और इस कारण रात में उसकी माँ से बहस हो गयी और इसी बहस के बीच आरोपी बेटे ने मां का गला दबा दिया।
इसके बाद घटना की जानकारी अजय ने अपने बड़े भाई मोहित को गुजरात फ़ोन पर दी की उसकी माँ ने आत्महत्या कर ली है यह जानकारी मोहित ने अपने पिता माधो सिंह को दी। माधो सिंह सुबह करीब छह बजे घर पहुंचे तो देखा कि चंद्रा देवी बिस्तर पर लेटी हुई थीं। पास में अजय खड़ा हुआ था। अजय से पूछा तो वह इधर उधर की बातें करने लगा। इस पर माधो सिंह बिना देर किए प्रेमनगर थाने पहुंच गए। उन्होंने सारा घटनाक्रम बताया तो एसओ गिरीश नेगी टीम के साथ माधो सिंह के घर पहुंचे।
जब अजय सिंह से पूछताछ की तो उसने रात का सारा घटनाक्रम पुलिस को बता दिया। वह अल्सरेटिव कोलाइटिस नाम की बीमारी से ग्रसित है। उसने कुछ दिन पहले इंटरनेट पर पढ़ा था कि यह बीमारी धीमे जहर का सेवन करने से भी होती है। ऐसे में उसने सोचा कि खाना तो वह मां के हाथ का बना खाता है। लिहाजा उसने मां पर जहर देने का शक किया।
उसने बताया कि पिता माधो सिंह शुक्रवार रात को रोज की तरह ड्यूटी चले गए थे। वह शुक्रवार रात को मां से यही बात कर रहा था। मां चंद्रा देवी ने इन सब बातों से इन्कार किया। काफी देर तक उसकी मां से बहस हुई। रात करीब 10.30 बजे वह बाहर की ओर जाने लगा। इस पर मां ने उसे बाहर जाने से रोका तो उसने आपा खो दिया और मां का गला दबा दिया। कुछ देर बाद उसे अहसास हुआ कि मां की मौत हो चुकी है तो उसने इसे आत्महत्या बताने को अपने बड़े भाई को फोन कर दिया। एसएसपी ने बताया कि चंद्रा देवी के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
