मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने संभाला पदभार, विकास भवन का किया निरीक्षण, गिनाईं प्राथमिकताएं
नैनीताल। जनपद नैनीताल के नव नियुक्त मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अरविंद कुमार पांडे ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने विकास भवन का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया।
इस अवसर पर CDO अरविंद कुमार पांडे ने अपने अब तक के सेवाकाल की जानकारी साझा करते हुए बताया कि वे राज्य सरकार के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि वे आरएफसी गढ़वाल, अपर जिलाधिकारी (ADM) टिहरी, अपर जिलाधिकारी (ADM) देहरादून, सूचना आयोग में सचिव तथा सिडकुल में महाप्रबंधक (GM) जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। इन पदों पर रहते हुए उन्हें प्रशासनिक, विकासात्मक और औद्योगिक क्षेत्रों में कार्य करने का व्यापक अनुभव प्राप्त हुआ है।
विकास भवन निरीक्षण के दौरान CDO ने फाइलों के निस्तारण, योजनाओं की प्रगति और कार्यालय व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
CDO अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि नैनीताल जनपद में ग्रामीण विकास, स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन और आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, इसके लिए विभागीय समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और टीमवर्क के माध्यम से जिले के समग्र विकास को गति दी जाएगी और विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।
निरीक्षण के दौरान विकास भवन के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
