Spread the love

हल्द्वानी में चंदन तस्करी का सनसनीखेज खुलासा, CCTV में कैद वारदात, शातिर तस्कर गिरफ्तार, बाइक से ले जा रहा था कीमती चंदन

हल्द्वानी। शहर में चंदन तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर चंदन तस्कर को धर दबोचा है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई कीमती चंदन की लकड़ी बरामद की गई है। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसने आरोपी की पोल खोल दी।

एसपी सिटी मनोज कात्याल ने खुलासा करते हुए बताया कि रामपुर रोड स्थित डालाकोटी कंपाउंड निवासी उमेश चन्द्र डालाकोटी की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया था। शिकायत में बताया गया कि उनके घर के भीतर लगे चंदन के पेड़ को रात के अंधेरे में काटकर कीमती हिस्सा चोरी कर लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में साफ दिखा कि एक युवक चारदीवारी फांदकर अंदर घुसता है और चंदन के पेड़ को काटकर फरार हो जाता है। इसके बाद पुलिस ने जिलेभर में अलर्ट जारी करते हुए सभी बैरियरों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

इसी क्रम में टांडा बैरियर पर चेकिंग के दौरान नीली रंग की यामाहा R-15 मोटरसाइकिल से आ रहे एक संदिग्ध को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चंदन की लकड़ी के छह टुकड़े बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इन्द्रजीत राय निवासी गांधीनगर, थाना दिनेशपुर, जिला ऊधम सिंह नगर बताया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह पहले भी चोरी और अवैध हथियारों के मामलों में गदरपुर और दिनेशपुर थानों से जेल जा चुका है। जेल में उसकी पहचान कमल उर्फ कोमल ढाली नामक चंदन तस्कर से हुई थी, जिसके साथ मिलकर वह इस अवैध धंधे में उतरा।

आरोपी ने कबूल किया कि 20 जनवरी की रात वह अपने एक साथी के साथ हल्द्वानी पहुंचा था। रामपुर रोड स्थित एक कॉलोनी में मंदिर के पीछे लगे चंदन के पेड़ को उन्होंने निशाना बनाया। वारदात के दौरान पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने सीसीटीवी कैमरों की तार तक काट दी, लेकिन फिर भी उनकी हरकत कैमरे में कैद हो गई।

आरोपी चोरी की गई चंदन की लकड़ी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही नैनीताल पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है और पूरे चंदन तस्करी नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है। चंदन तस्करी से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।


Spread the love