छोटा कैलाश शिवरात्रि मेले की तैयारियों पर बवाल
Spread the love

शिवरात्रि मेले की तैयारियों पर बवाल, विधायक कैड़ा का फूटा गुस्सा

बैठक छोड़ने तक की आई नौबत, मंदिर समितियों और अफसरों को जमकर लताड़

काठगोदाम। शिवरात्रि के पावन पर्व पर छोटा कैलाश में लगने वाले ऐतिहासिक मेले की तैयारियों को लेकर काठगोदाम सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा का गुस्सा फूट पड़ा। बैठक में अव्यवस्थाओं को लेकर जवाब न मिलने पर विधायक ने मंदिर समितियों और संबंधित अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई और बैठक छोड़कर जाने तक की चेतावनी दे दी।

जानकारी के मुताबिक, शिवरात्रि मेले को लेकर सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा के लिए यह बैठक बुलाई गई थी। जैसे ही तैयारियों पर सवाल उठाए गए, विधायक कैड़ा ने सीधे मंदिर समितियों से जवाब मांगा। लेकिन जब व्यवस्थाओं को लेकर संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई, तो उनका पारा चढ़ गया।

विधायक कैड़ा ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि “आस्था के इस महापर्व में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है, इसमें कोताही सीधा अपमान है।”
उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गईं, तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई तय है।

बैठक का माहौल उस वक्त और गर्म हो गया, जब विधायक नाराज होकर उठ खड़े हुए और बैठक छोड़ने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और विधायक को रोककर हालात संभालने की कोशिश की।

अधिकारियों द्वारा सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने का आश्वासन दिए जाने के बाद विधायक ने दोबारा बैठक में हिस्सा लिया। इसके बाद सुरक्षा, ट्रैफिक प्लान, सफाई व्यवस्था और श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए।

बताया जा रहा है कि विधायक ने स्पष्ट किया कि शिवरात्रि मेले में किसी भी तरह की अव्यवस्था सीधे प्रशासन और मंदिर समितियों की जिम्मेदारी मानी जाएगी। अब बैठक के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी गई है।

 


Spread the love