वायरल ऑडियो पर कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा का बड़ा कदम,ठुकराल पर FIR से मचा सियासी हड़कंप
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। 2025 के निकाय चुनाव से पहले वायरल हुई एक आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप को लेकर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष और कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है।
आरोप है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस ऑडियो क्लिप में पूर्व विधायक द्वारा मीना शर्मा और उनके पति के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। मीना शर्मा का कहना है कि यह ऑडियो चुनावी माहौल बिगाड़ने और उनकी छवि धूमिल करने की साजिश के तहत जानबूझकर प्रसारित की गई थी।
मीना शर्मा के अनुसार, उन्होंने ऑडियो वायरल होते ही पुलिस को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि करीब एक साल तक मामले को ठंडे बस्ते में डालकर रखा गया। कार्रवाई न होने से आहत मीना शर्मा का सब्र आखिरकार जवाब दे गया।
सोमवार को मीना शर्मा अपने समर्थकों के साथ रुद्रपुर कोतवाली परिसर पहुंचीं और सांकेतिक धरना देकर प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई। धरने के दौरान उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वह उग्र आंदोलन शुरू करने से पीछे नहीं हटेंगी।
धरने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसडीएम मनीष बिष्ट ने मीना शर्मा से वार्ता की और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद आखिरकार पुलिस हरकत में आई।
इसके बाद कोतवाली पुलिस ने मीना शर्मा की तहरीर के आधार पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
