फेसबुक फ्रेंडशिप से फंसा ‘हनीट्रैप’, अश्लील वीडियो की धमकी देकर 1.35 लाख की रंगदारी, महिला मास्टरमाइंड गिरफ्तार
उधमसिंह नगर। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवकों को फंसाने वाले एक शातिर हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस संगठित गिरोह की सरगना महिला जौहर उर्फ महक निकली, जो पहले भी कई संगीन मामलों में जेल की हवा खा चुकी है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के मुताबिक, गिरोह खासतौर पर फेसबुक को हथियार बनाकर अमीर और अकेले युवकों को निशाना बनाता था। रामपुर निवासी दाऊद पुत्र भूरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक महिला ने फेसबुक पर उससे दोस्ती की और फिर मिलने के बहाने उसे गदरपुर बुलाया।
जैसे ही दाऊद तय स्थान पर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद गिरोह के सदस्यों ने उसे घेर लिया। अश्लील वीडियो वायरल करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे 40 हजार रुपये नकद और 95 हजार रुपये ऑनलाइन वसूल लिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई की और गिरोह की मुख्य महिला जौहर उर्फ महक समेत तीन आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार और रंगदारी की रकम भी बरामद की है।
पूछताछ में जो खुलासे हुए, वे और भी चौंकाने वाले हैं। पुलिस के अनुसार यह गिरोह सिर्फ दो-चार लोगों का नहीं, बल्कि 10 से 12 सदस्यों का संगठित नेटवर्क है, जो अलग-अलग जिलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता रहा है। महिला सदस्य पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती करती थी, फिर युवकों को दूसरे शहरों में बुलाकर गिरोह सक्रिय हो जाता था।
पुलिस ने बताया कि जौहर उर्फ महक का आपराधिक इतिहास लंबा है। वह पहले गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुकी है और पूछताछ में करीब एक दर्जन से ज्यादा घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल कर चुकी है।
फिलहाल इस मामले में दीपक, राहुल और शिवम उर्फ हैप्पी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही अन्य जनपदों में भी गिरोह से जुड़े पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
