Spread the love

फर्जी बीमा पॉलिसी के नाम पर ठगी, गिफ्ट और मुफ्त पढ़ाई का झांसा देकर ₹6500 ऐंठे, धमकी का भी आरोप

फर्जी बीमा पॉलिसी के नाम पर ठगी

हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में फर्जी बीमा पॉलिसी और आकर्षक ऑफरों के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। राजीव नगर, बिंदुखत्ता निवासी एडवोकेट प्रदीप लोहनी, जो कि उत्तराखंड हाईकोर्ट में ब्रीफ होल्डर हैं, ने स्वयं  कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर अज्ञात लोगों पर धोखाधड़ी, आर्थिक ठगी और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। इस दौरान कई अधिवक्ता भी मौके पर मौजूद रहे।

पीड़ित के अनुसार, बीते कुछ दिनों से उनकी पत्नी दीपा लोहनी के मोबाइल नंबर पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से कॉल आ रही थीं। कॉल करने वाली महिला ने दावा किया कि उनकी बेटी के नाम एक कूपन ड्रॉ निकला है और कंपनी की ओर से गिफ्ट दिया जाना है। इसके बाद उन्हें शुभम आई हॉस्पिटल के उत्तर दिशा में स्थित एक कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर बुलाया गया।

दिनांक 28 जनवरी 2026 की शाम प्रदीप लोहनी अपनी पत्नी के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां एक व्यक्ति मिला जिसने अपना नाम तसलीम बताया और स्वयं को श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस का एरिया मैनेजर बताया। आरोपी ने 10 वर्षों तक सालाना ₹65,000 की बीमा पॉलिसी लेने पर देशभर के कॉलेजों में 100 प्रतिशत मुफ्त शिक्षा, अन्य कॉलेजों में 50 प्रतिशत फीस माफी, पूरे परिवार के लिए मेडिकल पॉलिसी, देश-विदेश के होटलों में 2 रात 3 दिन का मुफ्त ठहराव, प्रतिवर्ष ₹30,000 मनी बैक और 20 वर्ष बाद ₹6.50 लाख गारंटीड राशि व मेच्योरिटी अमाउंट देने का लालच दिया।

पीड़ित के अनुसार, उक्त झांसे में आकर उनसे ₹6500 की राशि बारकोड के माध्यम से जमा करवा ली गई। संदेह होने पर जब उन्होंने श्रीराम लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से संपर्क किया तो पता चला कि कंपनी की किसी भी पॉलिसी में इस तरह के ऑफर नहीं हैं और न ही कंपनी देश में कोई कॉलेज संचालित करती है।

आरोप है कि जब पीड़ित ने पॉलिसी से संबंधित दस्तावेज मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे। इस दौरान एक महिला, जिसने खुद को तसलीम की पत्नी बताया, ने झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। बार-बार कहने के बावजूद कोई लिखित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए।

पीड़ित ने आशंका जताई है कि इस तरह के फर्जी ऑफरों के जरिए कई अन्य लोगों को भी ठगा जा रहा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।


Spread the love