हल्द्वानी में पारिवारिक विवाद ने ली जान, बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या
Spread the love

हल्द्वानी में पारिवारिक विवाद ने ली जान, बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या

हल्द्वानी। शहर के बरेली रोड क्षेत्र अंतर्गत राम मंदिर बगीचा इलाके में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। देर रात घर के भीतर हुए हिंसक घटनाक्रम में एक व्यक्ति ने अपने ही सगे भाई पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक का परिवार दहशत में है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 फरवरी की रात करीब 11 बजे संदीप जायसवाल घर पहुंचा और किसी बात को लेकर अचानक अपने छोटे भाई सोनू जायसवाल पर हमला कर दिया। परिजनों के मुताबिक आरोपी गुस्से में चिल्लाते हुए कह रहा था कि मैं तेरी वजह से बर्बाद हो गया, कुछ नहीं कर पाया” और इसी दौरान उसने पास में रखा स्टील का लौटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

आरोप है कि संदीप ने सोनू को तख्त पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब परिजनों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। परिजनों का कहना है कि आरोपी ने कहा, मैं इसे मार दूंगा, सुबह श्मशान में जलाऊंगा… अगर कोई बाहर आया तो उसे भी मार दूंगा।” डर के कारण परिजन कमरे में बंद हो गए।

लगातार मारपीट के बाद सोनू बेहोश हो गया। कुछ देर बाद परिजनों ने हिम्मत जुटाकर अपने एक परिचित को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी घर के पीछे वाले रास्ते से फरार हो गया।

पुलिस ने गंभीर रूप से घायल सोनू को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 42 वर्ष बताई जा रही है।

पीड़ित पक्ष की ओर से कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


Spread the love

You missed