ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के बूढ़ा धूरा में वैसी कार्यक्रम का विशाल भंडारे के साथ समापन
जंगलिया गांव (बागेश्वर)। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के तोक बूढ़ा धूरा स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर में आयोजित वैसी (बैसी) कार्यक्रम का आज विधिवत विशाल भंडारे के साथ समापन हुआ। माघ मास के प्रथम दिवस से मंदिर परिसर में निरंतर ध्यान, पूजा-पाठ, हवन और यज्ञ का आयोजन किया जा रहा था।

कार्यक्रम के तहत बीती रात्रि रात भर जागर लगाकर ईष्ट देवताओं का आह्वान किया गया। इसके पश्चात आज सुबह रोट (विशेष प्रकार का प्रसाद), हलवा एवं सूजी का प्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को वितरित किया गया, जिसे सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने ग्रामीणों की इस धार्मिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से संस्कृति और परंपराएं जीवित रहती हैं तथा आने वाली पीढ़ी को भी इससे प्रेरणा मिलती है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी ने कहा कि जंगलिया गांव के इस आयोजन से अन्य क्षेत्रों के लोगों को भी सीख मिलेगी। वहीं जिला पंचायत सदस्य बिपिन सिंह जंतवाल ने कहा कि ऐसे धार्मिक अवसरों से न केवल आत्मिक शांति मिलती है, बल्कि पूरे क्षेत्र में सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के दौरान 21 दिनों तक लगातार भक्ति साधना करने वाले 13 श्रद्धालुओं—हीरा बल्लभ भट्ट, सुरेश चंद्र भट्ट, घनानंद भट्ट, युगल भट्ट, भुवन भट्ट, लीलाधर भट्ट, महेश चंद्र भट्ट, हरीश चंद्र भट्ट, डूंगर सिंह पडियार, गोबिंद बल्लभ पलड़िया, प्रमोद भट्ट और हेम भट्ट—को ग्राम पंचायत की ओर से चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
भंडारा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। गांव की महिलाओं द्वारा किए गए भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा और कार्यक्रम श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

