बागेश्वर में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के दौरान भीषण हादसा
Spread the love

आसमान से ज़मीन तक मातम! बागेश्वर में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता के दौरान भीषण हादसा, दो पायलट गंभीर घायल

बागेश्वर। उत्तराखंड में एडवेंचर स्पोर्ट्स की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर कटघरे में आ गई है। बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में आयोजित पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता उस वक्त अफरा-तफरी में बदल गई, जब लैंडिंग के दौरान दो अनुभवी पायलट अचानक संतुलन खो बैठे और ऊंचाई से सीधे जमीन पर आ गिरे। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पायलटों की उड़ान सामान्य और संतोषजनक रही, लेकिन जैसे ही लैंडिंग का अंतिम चरण शुरू हुआ, पैराग्लाइडर असंतुलित हो गया। कुछ ही सेकेंड में दोनों पायलट नियंत्रण खो बैठे और तेज़ रफ्तार से नीचे गिर पड़े। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद प्रतियोगिता स्थल पर तैनात मेडिकल टीम अलर्ट मोड में आ गई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए प्रशासन ने उन्हें एयर एंबुलेंस और 108 सेवा के जरिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया। मौके पर राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चलाया गया।

घायल पायलटों में टिहरी गढ़वाल निवासी रणजीत सिंह चौहान शामिल हैं, जो प्रतियोगिता में उत्तराखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार उड़ान के दौरान उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा, लेकिन लैंडिंग के दौरान ग्लाइडर का संतुलन बिगड़ गया। गिरने से उन्हें कमर में गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें पहले कपकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

दूसरे घायल पायलट नवीन परिहार, जो वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य भी हैं, लैंडिंग के दौरान पैर के बल जमीन पर गिरे, जिससे उनके पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक सुरेश गढ़िया कपकोट सीएचसी पहुंचे और चिकित्सकों से घायलों की हालत की जानकारी ली। सीएचसी में तैनात डॉ. प्रतीक शर्मा ने बताया कि दोनों पायलटों को गंभीर चोटें आई हैं और बेहतर इलाज के लिए उन्हें आर्थोपेडिक विशेषज्ञ के पास रेफर किया गया है। पूरे मामले की रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है।


Spread the love

You missed