Spread the love

डीएम के आदेश ने खोली आबकारी की आंखें, वरना फतेहपुर-लामाचौड़ में सब कुछ ‘सामान्य’ था?

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के बाद ही आबकारी विभाग हल्द्वानी ने अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए फतेहपुर एवं लामाचौड़ क्षेत्र में दबिश दी। उल्लेखनीय है कि यही वह क्षेत्र है, जहाँ बीते कई वर्षों से खुलेआम अवैध शराब का कारोबार चलने की स्थानीय स्तर पर लगातार चर्चा होती रही है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई न होने को लेकर सवाल उठते रहे हैं।

दबिश के दौरान आबकारी टीम ने सड़क किनारे स्थित कच्ची बस्ती के पीछे तथा समीप लगे बगीचे की ओर गड्ढों में छिपाकर रखे गए ड्रमों से कुल 267 पाउच कच्ची शराब बरामद की। शराब को इस तरह छिपाकर रखा जाना इस बात की ओर इशारा करता है कि अवैध कारोबार लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा था।

इस प्रकरण में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। हालांकि सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि यह इलाका वर्षों से अवैध शराब की बिक्री के लिए कुख्यात रहा है, तो जिम्मेदार विभागों की ओर से समय रहते ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई।

कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश जोशी, सहित हीरा बल्लभ, राहुल, खुशाल, ज्योति, भास्कर एवं गीता मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित बताई जा रही है।


Spread the love