दर्दनाक मौत
Spread the love

बिनसर के जंगल में खौफनाक हादसा! गुलदार के हमले से बचने की कोशिश में 60 फीट खाई में गिरी महिला, दर्दनाक मौत

काफलीगैर (बागेश्वर) बागेश्वर जिले के काफलीगैर क्षेत्र में मंगलवार को उस वक्त दहशत फैल गई जब पासदेव गांव की एक महिला की बिनसर के जंगल में खाई में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी का दावा है कि महिला पर अचानक गुलदार ने झपट्टा मारा, जिससे वह संतुलन खो बैठी और करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

मृतका की पहचान 45 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी प्रेम राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गांव की ही विमला देवी के साथ बिनसर के जंगल में बांज (हरा चारा) लेने गई थीं। दोनों महिलाएं चारा लेकर लौट रही थीं, तभी अचानक झाड़ियों से गुलदार निकल आया।

प्रत्यक्षदर्शी विमला देवी के अनुसार, प्रेमा देवी आगे चल रही थीं और वह पीछे थीं। अचानक गुलदार ने हमला किया। जान बचाने की कोशिश में प्रेमा देवी घबरा गईं और पैर फिसलने से गहरी खाई में गिर गईं। नीचे गिरते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी गई।

ग्राम प्रधान घनश्याम राणा ने बताया कि गांव और आसपास के जंगलों में लगातार गुलदार देखे जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने पीड़ित परिवार को जल्द मुआवजा देने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

प्रेमा देवी अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। उनके पति मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थानाध्यक्ष मनवर सिंह ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शी से पूछताछ की गई है। वहीं डीएफओ प्रदीप कुमार धौलाखंड़ी ने कहा कि वन विभाग की टीम मौके पर भेज दी गई है। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मौत सीधे गुलदार के हमले से हुई या खाई में गिरने से।


Spread the love

You missed