जहरखुरानी का शिकार युवक को बस से धक्का? हल्द्वानी में रोडवेज स्टाफ पर अमानवीय व्यवहार का आरोप, CCTV फुटेज से मचा हड़कंप
हल्द्वानी। दिल्ली से दोस्त की शादी में शामिल होने आ रहा एक युवक जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो गया। लेकिन हैरानी की बात यह है कि बेहोशी की हालत में मिले युवक के साथ कथित तौर पर रोडवेज बस स्टाफ ने भी अमानवीय व्यवहार किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें युवक को बस से नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक पंकज पांडे, निवासी बदरपुर बॉर्डर (दिल्ली), डिजिटल मार्केटिंग का काम करता है। वह सोमवार देर रात आनंद विहार से काठगोदाम डिपो की बस में सवार हुआ था। भीमताल में दोस्त की शादी में शामिल होना था।
रास्ते में जहरखुरानी गिरोह ने उसे निशाना बनाया। आरोप है कि बदमाशों ने उसका मोबाइल और पर्स लूट लिया और मोबाइल से करीब एक लाख रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी कर डाला।
मंगलवार सुबह करीब 5 बजे बस शीशमहल क्षेत्र पहुंची। आरोप है कि उसी दौरान युवक को बस से नीचे उतार दिया गया। CCTV फुटेज में युवक को गिरते हुए देखा जा सकता है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पंकज वर्तमान में कुसुमखेड़ा स्थित एक निजी अस्पताल के ICU में भर्ती है। हालत में हल्का सुधार बताया जा रहा है।
कठघरिया निवासी हिमांशु कांडपाल ने बताया कि मंगलवार सुबह उनके ससुर (पंकज के पिता) का फोन आया कि पंकज के साथ गंभीर घटना हो गई है। शीशमहल क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक व्यक्ति को पंकज ने किसी तरह अपने पिता का नंबर बताया था। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां पंकज बदहवास हालत में मिला।
काठगोदाम डिपो के एआरएम गणेश पंत ने बताया कि संबंधित बस दिल्ली से नैनीताल रूट पर थी। युवक ने केवल हल्द्वानी तक का टिकट लिया था। जब बस हल्द्वानी स्टेशन से आगे नैनीताल के लिए रवाना हुई, तो शीशमहल के पास युवक परिचालक के पास पहुंचा। टिकट हल्द्वानी तक का होने के कारण उसे उतार दिया गया।
हालांकि देर शाम जहरखुरानी और उतरते समय चोट लगने की जानकारी मिली। मामले में चालक और परिचालक से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
क्या जहरखुरानी का शिकार हुए युवक को नियमों के नाम पर सड़क पर उतारना मानवीय था? क्या बस स्टाफ ने स्थिति को समझने की कोशिश की?

