Spread the love

हल्द्वानी में बाघ का आतंक! घास काटने गई बुजुर्ग महिला को जंगल में घसीट ले गया खूंखार शिकारी, इलाके में दहशत

हल्द्वानी के लामाचौड़ क्षेत्र के फतेहपुर में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब घात लगाए बैठे बाघ ने 65 वर्षीय गंगा देवी को अपना शिकार बना लिया। सुबह घास काटने जंगल गई महिला की दर्दनाक मौत की खबर मिलते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के मुताबिक, पीपल पोखरा निवासी गंगा देवी सुबह करीब 11 बजे तीन अन्य महिलाओं के साथ जंगल में घास काटने गई थीं। तभी अचानक झाड़ियों में छिपे बाघ ने हमला कर दिया। बाकी महिलाएं जान बचाकर भाग निकलीं, लेकिन गंगा देवी को बाघ घसीटकर करीब तीन किलोमीटर अंदर घने जंगल में ले गया। बाद में खोजबीन के दौरान उनका शव बरामद हुआ। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है।

ग्रामीणों का दावा है कि यह पहली घटना नहीं है। इसी वन क्षेत्र में पहले भी बाघ और गुलदार के हमलों में सात लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हमलों से लोगों में डर का माहौल है। शाम होते ही गांवों में सन्नाटा पसर जाता है और लोग घरों से निकलने में भी घबराने लगे हैं।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों की सूचना बार-बार देने के बावजूद प्रभावी गश्त, निगरानी और सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने क्षेत्र में सघन गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने और बाघ को पकड़ने के प्रयास तेज करने का आश्वासन दिया है। साथ ही पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की बात भी कही गई है।


Spread the love

You missed