सास की पीट-पीट कर हत्या
Spread the love

दामाद को सबक सिखाने पहुंचे ससुराल वाले बने कातिल! बीच-बचाव करने आई बुजुर्ग मां की बेरहमी से मौत, उधम सिंह नगर में सनसनी

उधम सिंह नगर। उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पति-पत्नी के मामूली घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि दामाद को सबक सिखाने पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों पर 70 वर्षीय बुजुर्ग मां की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, सोनू शाह का अपनी पत्नी सुरभि के साथ घरेलू बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि सोनू अपनी बीमार बेटी को डॉक्टर से दिखाकर घर लौटे थे। घर आने पर बच्ची के रोने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।

आरोप है कि विवाद के दौरान सुरभि ने अपने मायके काशीपुर फोन कर दिया। देर रात करीब 12 बजे सास, साला, साली और अन्य परिजन गुस्से में सोनू के घर पहुंच गए।

परिजनों का आरोप है कि घर में घुसते ही हमलावरों ने सोनू को बाथरूम में ले जाकर बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर जब सोनू की 70 वर्षीय मां संध्या शाह बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, तो उन्हें भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि हमलावर उन्हें एक कमरे में ले गए, दरवाजा बंद कर दिया और बेरहमी से मारपीट की।

गंभीर रूप से घायल संध्या शाह को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी डीआर वर्मा फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

उत्तराखंड में लगातार हो रही हत्याओं और बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली विवादों का इस तरह खूनी अंजाम लेना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।

 


Spread the love