चलती ऑल्टो बनी आग का गोला, हाईवे पर मची अफरा-तफरी
रुड़की। रुड़की-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती ऑल्टो कार में अचानक आग लग गई। घटना Pacific Hotel के निकट, थाना मंगलौर क्षेत्र की है। आग लगने से कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर स्टेशन रुड़की की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। अग्निशमन कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उनकी सतर्कता के कारण कार का पेट्रोल टैंक फटने से बच गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
बताया गया कि कार स्वामी संजय पुत्र इलम सिंह, निवासी रंधेड़ी, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), अपनी ऑल्टो कार संख्या UP-11-B-4265 (मॉडल वर्ष 2008) से मंगलौर से रुड़की एक शादी समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। स्थिति को भांपते हुए संजय ने तुरंत सूझबूझ का परिचय दिया और कार को सड़क किनारे रोककर नीचे उतर गए। कुछ ही देर में कार ने आग पकड़ ली।
आग की चपेट में आकर वाहन के टायर, सीटें, वायरिंग, इंजन और अंदर रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
