शारदा रेंज में हाथी का हमला, घास लेने गई महिला की मौत
Spread the love

शारदा रेंज में हाथी का हमला, घास लेने गई महिला की मौत

चंपावत। शारदा रेंज क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां जंगल में घास लेने गई 45 वर्षीय महिला पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नई बस्ती, वार्ड नंबर पांच निवासी माधुरी देवी (45), पत्नी भूपराम, गुरुवार दोपहर बाद शारदा रेंज के सेना पानी मार्ग की ओर घास लेने गई थीं। इसी दौरान जंगल में मौजूद एक जंगली हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथी ने महिला को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और फिर कुचल दिया। कुछ देर बाद जब आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गईं। वन विभाग ने क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की बढ़ती गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


Spread the love