महिला समूहों को सशक्त बनाने की पहल, जंगलिया गांव के 18 समूहों को औजार किट वितरित

भीमताल (नैनीताल)। ग्राम पंचायत जंगलिया गांव के पंचायत घर में हरीनगर और जंगलिया गांव के महिला स्वयं सहायता समूहों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुगंध पौधा केंद्र और रीप (REAP) परियोजना के अधिकारियों ने भाग लेकर महिलाओं को विभिन्न योजनाओं और आजीविका संवर्धन के अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला प्रभारी नैनीताल शंकर लाल सागर ने सुगंधित पौधों के रोपण, संरक्षण और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। प्रोजेक्ट एसोसिएट डॉ. मोहित पांडे ने दालचीनी के पौधरोपण, देखभाल और उससे होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी साझा की। अभिषेक ने उत्पादों के वैल्यू एडिशन और मार्केटिंग के महत्व पर प्रकाश डाला, जबकि अंजू पांडे और मीना कुल्याल ने रीप परियोजना और स्वयं सहायता समूहों की कार्यप्रणाली पर जानकारी दी।
बैठक के दौरान ग्राम पंचायत जंगलिया गांव और हरीनगर के कुल 18 महिला समूहों को प्रति समूह औजार किट वितरित की गई, जिससे महिलाओं को स्वरोजगार और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान राधा कुल्याल ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आजीविका मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक गांव की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं होंगी, तब तक विकास की परिकल्पना अधूरी रहेगी।
कार्यक्रम में ब्लॉक भीमताल से कीर्ति बल्लभ जोशी, क्लस्टर अध्यक्ष रेखा कुल्याल, लीला कुल्याल, ममता आर्य, इंद्रा देवी, भावना देवी, सरोज कुल्याल, हेमा देवी, ममता कुल्याल, कमला देवी, रमा कुल्याल, रीता कुल्याल, मनोज कुल्याल, रोहित पलड़िया, संजय पड़ियार सहित पांच दर्जन से अधिक काश्तकार उपस्थित रहे।
