यूजीसी नियम 2026 के विरोध में स्वर्ण शक्ति संगठन की महाआक्रोश रैली, डीएम कार्यालय तक निकाला मार्च
हल्द्वानी। आज स्वर्ण शक्ति संगठन के तत्वावधान में यूजीसी नियम 2026 के विरोध में एक महाआक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर तहसील, थाना मार्ग से होते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। रैली का संचालन स्वर्ण शक्ति संगठन के संयोजक प्रकाश हरबोला एवं कार्यक्रम सह-संयोजक भुवन भट्ट द्वारा किया गया।
संयोजक प्रकाश हरबोला ने अपने संबोधन में कहा कि फिलहाल संगठन की ओर से सरकार को केवल चेतावनी दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूजीसी नियम 2026 सामान्य वर्ग के छात्रों के हितों के खिलाफ है। उनका कहना था कि वर्ष 2025 के मसौदे में कुछ दंडात्मक प्रावधान थे, जिन्हें 2026 के नियमों से हटा दिया गया, जो गलत है।
उन्होंने यह भी कहा कि नए नियमों में एससी, एसटी और ओबीसी छात्रों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है, जबकि सामान्य वर्ग के छात्रों के साथ संभावित भेदभाव की आशंकाओं को नजरअंदाज किया गया है।
कार्यक्रम सह-संयोजक भुवन भट्ट ने कहा कि स्वर्ण समाज को अब जागरूक होने की आवश्यकता है। उनका आरोप था कि प्रस्तावित व्यवस्था समानता के सिद्धांतों के विपरीत है और जाति के आधार पर भेदभाव को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि इक्विटी बोर्ड में एससी, एसटी, ओबीसी, महिला और दिव्यांग वर्ग का प्रतिनिधित्व अनिवार्य किया गया है, जबकि सामान्य वर्ग के लिए कोई अनिवार्य प्रावधान नहीं है।
उन्होंने इसे समाज को बांटने वाला कानून बताते हुए कहा कि संगठन इसका विरोध जारी रखेगा। वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल शुरुआत है और आने वाले समय में स्वर्ण महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में तेज सिंह कार्की, तरुण वानखेडे, लाखन निगटिया,भुवन चंद्र जोशी,नारायण दत्त तिवारी सीमा बत्रा, ज्योति अवस्थी, प्रताप जोशी, अनिता जोशी, काजल खत्री, बबीता जोशी, प्रभा खनका, परमजीत कौर, सुरेंद्र नरूला, अमर सिंह ऐरी, कंचन रौतेला, पूरन भट्ट, दरबान सिंह, योगेश शर्मा, आरपी सिंह, मनोज अग्रवाल, योगेंद्र भट्ट, हर्षवर्धन पांडे, कैलाश जोशी, जीवन कार्की, नवीन पंत, सुरेंद्र नेगी, प्रमोद पंत, गोपाल भट्ट, राजेंद्र गुप्ता, मनोज जोशी, रवि जोशी, गौरव तिवारी, योगेंद्र बिष्ट, कीर्ति तिवारी, मदन मोहन जोशी, नारायण सिंह बिष्ट, नवीन भट्ट, प्रमोद तोलिया, जगत सिंह बिष्ट, आशुतोष पंत, राजू जीना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
