हल्द्वानी में खुदी सड़क बनी जानलेवा, स्कूटी सवार बुजुर्ग ट्रक की चपेट में; हादसे का CCTV फुटेज आया सामने
हल्द्वानी। शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के बीच एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। रविवार दोपहर पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास 70 वर्षीय सुरेश चंद्र पांडे की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश चंद्र पांडे स्कूटी से गुजर रहे थे। उसी दौरान सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़क पर खोदे गए गड्ढे की चपेट में आने से वह असंतुलित हो गए। पीछे से आ रहे एक भारी ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़क पर चल रहे खुदान कार्य के कारण यातायात पहले से ही बाधित था और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसे जांच में शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 के तहत निष्पक्ष मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। नगर मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्हें दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच, संभावित लापरवाही, यातायात नियमों के उल्लंघन और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस सुझाव देने के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करनी होगी।
प्रशासन ने पुलिस और संबंधित विभागों को CCTV फुटेज, पंचनामा रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सहित सभी आवश्यक साक्ष्य उपलब्ध कराने को कहा है।साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी 15 दिनों के भीतर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में उपलब्ध कराएं।
हादसे के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने ट्रैफिक पुलिस, यूयूएसडीए और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ पनचक्की से चौफला और दो नहरिया क्षेत्र का निरीक्षण किया। कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि खुदान के दौरान ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए, आवश्यकतानुसार सड़क चौड़ी की जाए और कार्य पूर्ण होने के बाद मार्ग को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।
गौरतलब है कि हल्द्वानी में इन दिनों पेयजल पाइपलाइन और सीवर लाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। कई स्थानों पर सड़कें खोदकर अधूरी छोड़ दी गई हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खुदी हुई सड़कें और गड्ढे लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहला हादसा नहीं है। पहले भी कई लोग घायल हो चुके हैं। सवाल यह है कि क्या हर बार हादसे के बाद ही प्रशासन सक्रिय होगा?
फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
