नेटवर्क का झांसा, 50 मीटर में वारदात: पिथौरागढ़ में महिला से सोने की चेन लूटी, MBBS छात्र समेत दो गिरफ्तार
पिथौरागढ़।सीमांत जनपद के मुनस्यारी क्षेत्र में भरोसे को हथियार बनाकर अंजाम दी गई चेन स्नैचिंग की वारदात ने सनसनी फैला दी है। बंगापानी तहसील के तोली गांव में खेत जा रही 38 वर्षीय ममता देवी से मोबाइल नेटवर्क का बहाना बनाकर सोने की दो मालाएं झपट ली गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल छात्र और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे रची गई साजिश
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ममता देवी घर से सरसों निकालने खेत की ओर जा रही थीं। रास्ते में बाइक सवार युवक-युवती ने उन्हें रोका और क्षेत्र में नेटवर्क न होने की बात कहकर मोबाइल फोन मांगा। सहायता के इरादे से महिला उनके साथ कुछ दूरी तक पैदल चलीं। आरोप है कि करीब 50 मीटर आगे बढ़ते ही युवक ने उन्हें बलपूर्वक पकड़ लिया और साथ मौजूद युवती ने उनके गले से सोने की दो मालाएं झपट लीं।
पीड़िता के मुताबिक लूटी गई चेन का वजन लगभग एक से डेढ़ तोला है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की और संदिग्धों को गर्जिया पुल के पास से दबोच लिया। तलाशी में छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आरोपी कौन हैं?
एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि गिरफ्तार युवक 25 वर्षीय सन्नी सिंह है, जो दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके का निवासी है और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का छात्र है। उसकी 23 वर्षीय साथी हिमानी बोरा हल्द्वानी की रहने वाली है और मूल रूप से बंगापानी तोली क्षेत्र से संबंध रखती है।
पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे
जांच में सामने आया कि हिमानी कुछ दिन पहले अपनी दादी से मिलने गांव आई थी। सन्नी भी उसके संपर्क में था और सोमवार को क्षेत्र में पहुंचा। प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार दोनों ने मिलकर योजना बनाई और सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
हिमानी लंबे समय से हल्द्वानी में रह रही थी, जिससे गांव में अधिक लोग उसे पहचान नहीं पा रहे थे। इसी का लाभ उठाकर उन्होंने महिला को भरोसे में लिया।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और हैरानी का माहौल है। पढ़ाई-लिखाई और मेडिकल पेशे से जुड़े युवाओं पर लगे इस आरोप ने लोगों को चौंका दिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि कहीं दोनों का किसी अन्य वारदात से संबंध तो नहीं है।
