21 वर्षीय यूट्यूबर बोनू कोमाली की मौत
Spread the love

सोशल मीडिया की मुस्कान के पीछे छिपा सन्नाटा: 21 वर्षीय यूट्यूबर बोनू कोमाली की मौत ने उठाए कई सवाल

हैदराबाद। कैमरे के सामने मुस्कुराती, लाखों फॉलोअर्स को अपनी लाइफस्टाइल और व्लॉग्स से प्रेरित करती 21 वर्षीय यूट्यूबर बोनू कोमाली अब इस दुनिया में नहीं रहीं। मणिकोंडा स्थित उनके फ्लैट से उनकी मौत की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक और अविश्वास की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार घटनास्थल से एक भावुक सुसाइड नोट और निजी डायरी बरामद हुई है। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और भावनात्मक संघर्ष से गुजर रही थीं। डायरी के पन्नों में बीते 37 दिनों की मानसिक स्थिति दर्ज है, जिसमें अकेलेपन और टूटे रिश्ते की पीड़ा साफ झलकती है।

21 फरवरी की एक एंट्री में उन्होंने लिखा था —
“मुश्किल है, लेकिन उन्हें अपने दिल में सुरक्षित रखना सबसे बहादुरी भरा काम है जो आप कभी करेंगे… I am missing you man.”

पुलिस का मानना है कि हालिया ब्रेकअप ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया था, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की गई है।

विशाखापत्तनम की रहने वाली बोनू कोमाली हैदराबाद में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थीं। कम उम्र में ही उन्होंने डिजिटल दुनिया में अपनी अलग पहचान बना ली थी। उनके व्लॉग्स में दिखने वाली सादगी और ईमानदारी ने उन्हें युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय बना दिया था।

यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि सोशल मीडिया की चमक-धमक के पीछे छिपे मानसिक दबाव और निजी संघर्ष को हम कितना समझ पाते हैं।

 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love