शादी से नाराज युवक ने युवती के घर पहुंच दी तेजाब डालने की धमकी, मुकदमा दर्ज
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में एक युवती की शादी से नाराज युवक द्वारा उसके घर पहुंचकर हंगामा करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, युवती की शादी 15 फरवरी को संपन्न हुई थी। विवाह के बाद परंपरा के तहत युवती कुछ दिनों के लिए मायके आई हुई थी। आरोप है कि 26 फरवरी की रात करीब आठ बजे आरोपी युवक उनके घर पहुंच गया। उसके हाथ में धारदार हथियार बताया गया है।
परिजनों का आरोप है कि युवक ने घर के बाहर खड़े होकर शोर-शराबा किया और पत्थर फेंके। इस दौरान उसने युवती को तेजाब डालने और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी। घटना से परिवार में दहशत का माहौल बन गया।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी लंबे समय से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उस पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व भी आरोपी के खिलाफ शिकायत दी गई थी। उस समय उसने माफी मांगते हुए भविष्य में परेशान न करने का आश्वासन दिया था।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवाह के दिन भी आरोपी पक्ष से जुड़े कुछ लोगों द्वारा कार्यक्रम में व्यवधान डालने की कोशिश की गई थी। इसके अलावा शादी के बाद से युवती के पति को कथित तौर पर फोन कॉल के माध्यम से धमकियां दी जा रही थीं।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।
