Spread the love

59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में प्री-एसआईआर के तहत मतदाता मैपिंग कार्य हेतु विशेष शिविरों का आयोजन

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशन में संचालित प्री-एसआईआर कार्यक्रम के अंतर्गत 59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान मतदाता सूचियों में दर्ज मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूचियों से मैपिंग का कार्य प्रगति पर है। अब तक औसतन 75 प्रतिशत मैपिंग कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

जो मतदाता अब तक मैपिंग प्रक्रिया से वंचित रह गए हैं, उनकी सुविधा के लिए निर्वाचन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर/नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी द्वारा मतदान केंद्रवार शिविरों के आयोजन का रोस्टर जारी किया गया है। निर्धारित तिथियों एवं समय के अनुसार विभिन्न मतदान केंद्रों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को पूर्व से आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) एवं क्षेत्रीय पार्षदों से समन्वय स्थापित कर अपने-अपने क्षेत्रों में शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया गया है, ताकि मैपिंग से छूटे मतदाता इन शिविरों का लाभ प्राप्त कर सकें। बूथ स्तर पर गठित मतदाता जागरूकता समूह (बैग) को भी सक्रिय कर दिया गया है।

शिविरों में संचालित मैपिंग कार्य की जांच एवं निगरानी हेतु सहायक नगर आयुक्त, नायब तहसीलदार तथा तहसीलदार हल्द्वानी को अलग-अलग केंद्रों का दायित्व सौंपा गया है। नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी स्वयं भी समय-समय पर शिविर स्थलों का निरीक्षण कर कार्य की समीक्षा करेंगे।

नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी ने 59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र के समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित शिविरों में उपस्थित होकर मैपिंग कार्य में सहयोग करें। साथ ही जब बीएलओ (BLO) उनके घरों पर सत्यापन हेतु आएं, तो आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज अपने अथवा अपने परिजनों के नाम का विवरण उपलब्ध कराएं। यह विवरण उन सभी व्यक्तियों के लिए आवश्यक है, जो वर्ष 2003 में देश के किसी भी स्थान पर मतदाता के रूप में पंजीकृत थे, ताकि वे मतदाता सूची में अपना नाम बनाए रखते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने हेतु निम्न लिंक का उपयोग किया जा सकता है:

https://election.uk.gov.in/search2003uk


Spread the love