खटीमा में 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस जांच जारी
खटीमा। नगर के भूड़ महोलिया क्षेत्र में सोमवार को एक 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक घर के अंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार भूड़ महोलिया निवासी दीपक सिंह (29) पुत्र बहादुर सिंह सोमवार को अपने घर पर था। कुछ देर बाद वह घर के अंदर बने शौचालय में गया। थोड़ी देर पश्चात वह गंभीर रूप से घायल हालत में बाहर आया और फर्श पर गिर पड़ा। परिजनों ने तुरंत उसे संभालने और खून रोकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी विजेंद्र शाह, उपनिरीक्षक किशोर पंत और उपनिरीक्षक भूपेंद्र रंसवाल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। चिकित्सकीय टीम ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम (एफएसएल) को भी मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार युवक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्मघाती कदम का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
