
आईटीआई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म और देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार
रुद्रपुर । SSP अजय गणपति के निर्देशन में आईटीआई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म और जबरन अनैतिक देह व्यापार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मई 2025 से लापता चल रही नाबालिग को पुलिस ने आरोपियों के चंगुल से सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस को 3 मार्च 2026 को सूचना मिली कि मई 2025 से लापता एक नाबालिग को हरियावाला क्षेत्र में बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई ने तत्काल टीम गठित कर हरियावाला स्थित जाहिद के आवास पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से नाबालिग पीड़िता को बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नाबालिग को लंबे समय से बंधक बनाकर रखा था और उससे जबरन अनैतिक देह व्यापार करवाया जा रहा था। पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की भी पुष्टि हुई है।
पुलिस ने इस मामले में FIR संख्या 63/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 65(1), 140(3), 143(1), 127(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए जाहिद, शिवम, शोभा और सोमा को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिला आरोपी भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि गिरोह से जुड़े अन्य फरार सदस्यों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
