लखनऊ में युवक की चाकू मारकर हत्या
Spread the love

होली मिलन समारोह में ‘हैप्पी होली’ कहना पड़ा भारी, लखनऊ में युवक की चाकू मारकर हत्या से हड़कंप

लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में होली मिलन समारोह के दौरान एक मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसी को “हैप्पी होली” कहना एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बेगरिया कॉलोनी में हुए इस सनसनीखेज वारदात में 21 वर्षीय पेंटर कारीगर सूरज रावत की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया।

जानकारी के अनुसार, बेगरिया कॉलोनी में होली मिलन समारोह चल रहा था। इसी दौरान सूरज रावत ने अपने पड़ोसी मोहित तिवारी को “हैप्पी होली” कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि मोहित की बहन शिवानी तिवारी ने गुस्से में आकर सूरज पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शिवानी ने सूरज के पेट में चार बार चाकू घोंप दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घायल सूरज को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और मोहल्ले में कोहराम मच गया।

घटना से नाराज परिजन और स्थानीय लोग दुबग्गा थाने पहुंच गए और करीब तीन घंटे तक जमकर बवाल काटा। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति को संभालने के लिए नाका, काकोरी और पारा समेत कई थानों की पुलिस मौके पर बुलानी पड़ी। काफी समझाने-बुझाने के बाद किसी तरह लोगों को शांत कराया जा सका।

दुबग्गा थाना प्रभारी श्रीकांत राय ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी मोहित तिवारी और उसकी बहन शिवानी तिवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बताया जा रहा है कि मृतक सूरज रावत मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार में उसके पिता राजेंद्र रावत और छोटा भाई शिवा हैं, जबकि उसकी मां का कुछ साल पहले ही निधन हो चुका है। बेटे की असमय मौत से घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल देखते हुए पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी है और कॉलोनी में निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी।


Spread the love

You missed