किराये के कमरे में मां-बेटे के सड़े शव मिले
Spread the love

रुद्रप्रयाग में सनसनी: किराये के कमरे में मां-बेटे के सड़े शव मिले, पति फरार

रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किराये के कमरे से नेपाली मूल की महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे के सड़े-गले शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है, जबकि महिला का पति घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार तिलवाड़ा-सुमाड़ी क्षेत्र में विद्युत कॉलोनी के पास स्थित एक बस्ती में नेपाल मूल का दीपक बहादुर अपनी पत्नी कमला शाही (34 वर्ष) और नौ वर्षीय बेटे रोशन सिंह के साथ किराये के कमरे में रहता था। बताया जा रहा है कि यह परिवार पिछले करीब पांच वर्षों से यहां रह रहा था और आसपास के लोगों के साथ सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले करीब एक सप्ताह से उस कमरे का दरवाजा लगातार बंद था। शुरुआत में किसी ने इस ओर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन कुछ दिनों बाद मकान मालिक को कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। बदबू बढ़ने पर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि कमरे के बाहर से ताला लगा हुआ था। संदेह के आधार पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। अंदर महिला और उसके बेटे के शव पड़े हुए थे, जो कई दिन बीत जाने के कारण बुरी तरह सड़ चुके थे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मां-बेटे की हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद से महिला का पति दीपक बहादुर लापता है, जिससे उस पर संदेह गहरा गया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार पति की तलाश जारी है।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love

You missed