रायवाला के मोतीचूर फ्लाईओवर बना आग का मैदान: 5 गाड़ियों की टक्कर के बाद CNG सिलेंडर फटा, बस-कार धू-धू कर जली — दंपत्ति जिंदा जले
देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर रविवार रात ऐसा खौफनाक हादसा हुआ जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। रायवाला थाना क्षेत्र के मोतीचूर फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने पांच वाहनों की भीषण भिड़ंत के बाद अचानक आग का गोला बन गया। हादसे में एक दंपत्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रात करीब 9:45 बजे देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही रोडवेज बस की टक्कर पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुई। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो, ट्रक और एक अन्य वाहन भी एक-दूसरे से टकरा गए और कुछ ही सेकंड में पूरा फ्लाईओवर हादसे का मंजर बन गया।
हादसे के बाद स्थिति तब और भयावह हो गई जब स्कॉर्पियो का CNG सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके के बाद स्कॉर्पियो और रोडवेज बस में आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन धू-धू कर जलने लगे। हाईवे पर मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस भीषण हादसे में उत्तर प्रदेश के बिजनौर (नजीबाबाद) निवासी सचिन (40) और उनकी पत्नी कुसुम (30) की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों अपने परिवार के साथ देहरादून के प्रसिद्ध झंडा मेले से वापस लौट रहे थे, तभी यह भयावह हादसा हो गया।
दुर्घटना में परिवार के 9 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही रायवाला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कई वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।
फ्लाईओवर पर हादसे के बाद लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर कई घंटों की मशक्कत के बाद खुलवाया।
फिलहाल पुलिस इस भीषण दुर्घटना के असल कारणों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
