हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण को लेकर प्रशासन सख्त, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर; अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
हल्द्वानी। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में सोमवार शाम प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए नरीमन चौराहे से गौला पुल तक चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेई और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व मंय संबंधित विभागों के अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए और कई स्थानों पर कार्रवाई भी कराई। सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट कहा कि सड़क चौड़ीकरण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड हल्द्वानी द्वारा किया जा रहा है, जिसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से धनराशि भी उपलब्ध कराई जा चुकी है। मार्ग में आ रहे विद्युत पोलों की शिफ्टिंग के लिए धनराशि उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के नगरीय खंड को पहले ही हस्तांतरित कर दी गई है।
सिटी मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्त ने यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि मंगलवार से नए विद्युत पोल लगाने का कार्य तत्काल शुरू किया जाए और शटडाउन लेकर लाइन शिफ्टिंग का काम जल्द पूरा किया जाए।
मार्ग के बाईं ओर जल निगम द्वारा सीवर लाइन बिछाने का कार्य भी जारी है, जिसमें लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अधिकारियों ने शेष कार्य 20 मार्च तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीवर लाइन के लिए बनाए जाने वाले पिट स्थलों का लोक निर्माण विभाग के साथ संयुक्त रूप से चिन्हीकरण करने को भी कहा गया है।
सड़क चौड़ीकरण के दौरान जमरानी खंड का एक अस्थायी डॉम हट भी बाधा बन रहा है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने परियोजना प्रबंधक जमरानी खंड को 20 मार्च तक इसे डिस्मेंटल कर हटाने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मार्ग के दाहिनी ओर आने वाली अन्य सभी बाधाओं को 25 मार्च तक हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मार्च के अंतिम सप्ताह से सड़क निर्माण के लिए लेवलिंग और ग्रेडिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा तथा डामरीकरण सहित अन्य निर्माण कार्य अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि आगामी पर्यटक सीजन में स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी चौड़ी और बेहतर सड़क का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम ए.के. कटारिया सहित लोक निर्माण विभाग, पावर कॉरपोरेशन, जमरानी खंड और जल निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
