मॉक ड्रिल
Spread the love

16–17 मार्च को नैनीताल जनपद में होगा आपदा मॉक ड्रिल, प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं

नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार जनपद में प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भूकम्प, बादल फटना, वनाग्नि, भूस्खलन, हिमस्खलन, बाढ़, बांध टूटना, सुरंग धंसना, बड़े वाहनों की दुर्घटनाएं तथा हेलीकॉप्टर क्रैश जैसी घटनाओं से जनमानस और संसाधनों को भारी नुकसान हो सकता है। इन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समय से पूर्व तैयारी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में आपदा से पूर्व तैयारियों को मजबूत करने तथा आपदा की स्थिति में सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 16 और 17 मार्च 2026 को जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मॉक अभ्यास (Mock Drill) आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 16 मार्च को टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। जनपद मुख्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आईआरएस (Incident Response System) के अंतर्गत नामित सभी अधिकारी और महत्वपूर्ण विभागों के प्रतिनिधि जिला कार्यालय स्थित एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में भाग लेंगे। वहीं तहसील स्तर पर संबंधित परगना मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में तहसील स्तरीय आईआरएस टीम अपने-अपने तहसील मुख्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से कार्यक्रम में प्रतिभाग करेगी।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 17 मार्च को आपदा पूर्वाभ्यास अभियान के तहत जनपद की तहसीलों कैंचीधाम, खनस्यूं, कालाढूंगी, हल्द्वानी और नैनीताल में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। पूर्वाभ्यास के दौरान चिन्हित स्थानों पर स्टेजिंग एरिया, इंसिडेंट कमांड सेंटर, राहत शिविर और चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय आईआरटी (Incident Response Team) दलों का गठन कर साइट चीफ और टास्क फोर्स के कार्मिकों, उपकरणों और अन्य संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

अपर जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद और तहसील स्तर पर संबंधित परगना मजिस्ट्रेट तथा सभी विभागीय अधिकारी निर्धारित तिथियों पर आयोजित भूकम्प पूर्वाभ्यास कार्यक्रम, टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल में समय से भाग लेना सुनिश्चित करें, ताकि आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके।

 

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love