विधानसभा में उठे वनाग्नि और ट्रेकिंग हादसों के मुद्दे, सरकार से मांगी विस्तृत जानकारी
संवाददाता सीमा खेतवाल
देहरादून/बागेश्वर। कपकोट के विधायक सुरेश गड़िया ने विधानसभा में प्रदेश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए सरकार से कई सवाल पूछे। उन्होंने वर्ष 2024 में प्रदेश में लगी जंगल की आग तथा ग्लेशियर क्षेत्रों में ट्रेकिंग के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी।
विधायक सुरेश गड़िया ने वन मंत्री से प्रश्न करते हुए पूछा कि वर्ष 2024 में प्रदेश भर में कितने हेक्टेयर जंगल आग से प्रभावित हुए और वनाग्नि की कुल कितनी घटनाएं दर्ज की गईं। साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि वनाग्नि से प्रभावित लोगों को अब तक मुआवजे के रूप में कितनी धनराशि दी गई है और कितनी राशि अभी वितरित की जानी बाकी है। इसके अलावा विधायक ने सरकार से यह भी पूछा कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए राज्य सरकार द्वारा अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।
इसके साथ ही विधायक ने पर्यटन मंत्री से भी सवाल करते हुए पूछा कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के विभिन्न ग्लेशियर क्षेत्रों में ट्रेकिंग के दौरान भारी बर्फबारी, हिमस्खलन और एवलांच जैसी घटनाओं के कारण कितने ट्रेकर्स और पर्यटकों की मौत या घायल होने की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने यह भी जानकारी मांगी कि इन हादसों में मृतक और घायलों को कितनी मुआवजा राशि प्रदान की गई तथा कितने मामले अभी लंबित हैं।
विधायक ने सरकार से यह भी जानना चाहा कि ग्लेशियर क्षेत्रों में ट्रेकिंग के दौरान अचानक आने वाली आपदाओं, भारी बर्फबारी और हिमस्खलन से निपटने के लिए क्या कोई ठोस योजना या पूर्व चेतावनी व्यवस्था तैयार की गई है।
