ऑनलाइन गेम के जाल में फंसा 18 साल का युवक, 1.77 करोड़ उड़ाए साइबर ठगों ने – पहले जिताया, फिर खाली कराए 5 बैंक खाते
हरिद्वार/झबरेड़ा। ऑनलाइन गेमिंग के लालच में एक किसान परिवार के युवक से 1 करोड़ 77 लाख रुपये की हैरान कर देने वाली ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने पहले युवक को गेम में जीत का लालच देकर भरोसा दिलाया और फिर धीरे-धीरे उससे करोड़ों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए।
जानकारी के मुताबिक झबरेड़ा निवासी 18 वर्षीय युवक पिछले करीब एक साल से ऑनलाइन गेमिंग के संपर्क में था। ठगों ने शुरुआत में उसे छोटी-छोटी रकम जिताकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद बड़े मुनाफे का झांसा देकर उससे लगातार पैसे मंगवाते रहे।
बताया जा रहा है कि जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच युवक और उसके पिता के पांच बैंक खातों से UPI के जरिए कुल 1.77 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। जांच में यह भी सामने आया है कि ठगों ने नाइजीरिया और श्रीलंका समेत विदेशी नेटवर्क के जरिए युवक से संपर्क किया था और कई ऐप व लिंक भेजकर उसे गेम में फंसाए रखा।
हैरानी की बात यह भी है कि युवक ने यह रकम अपने पिता के बैंक खातों से भी ट्रांसफर कर दी, जिसमें वह पैसा भी शामिल था जो जमीन अधिग्रहण के मुआवजे के रूप में खाते में आया था। जब परिवार को इतनी बड़ी रकम निकलने का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर गैंग के नेटवर्क और पैसों के ट्रांजैक्शन की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, भारी मुनाफे के लालच और अनजान लिंक या ऐप से सावधान रहें, वरना एक छोटी सी गलती आपको भी बड़े साइबर जाल में फंसा सकती है।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
