हल्द्वानी। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में घरेलू गैस की कालाबाजारी रोकने और क्षेत्र में गैस आपूर्ति की वस्तुस्थिति की समीक्षा के लिए उपजिलाधिकारी कार्यालय हल्द्वानी में गैस एजेंसियों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान विभिन्न गैस एजेंसियों से उपभोक्ताओं की संख्या, गैस वितरण और आपूर्ति की स्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी ली गई। KMVN गैस एजेंसी के प्रबंधक ने बताया कि उनके यहां कुल 30,578 उपभोक्ता पंजीकृत हैं। फरवरी माह में 19,734 उपभोक्ताओं को गैस वितरित की गई, जबकि जनवरी में लगभग 21,000 उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए गए। वहीं मार्च माह में 10 मार्च तक 5,200 उपभोक्ताओं को गैस वितरित की जा चुकी है।
बैठक में अन्य गैस एजेंसियों से भी इसी प्रकार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि SDMS सॉफ्टवेयर और IVRS ऐप के ठीक से काम न करने के कारण पिछले दो दिनों से ऑनलाइन गैस बुकिंग में दिक्कतें आ रही हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि घरेलू गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए सभी एजेंसियों और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। यह भी निर्देश दिए गए कि ऐसे गैस कार्ड जो लंबे समय से उपयोग में नहीं थे और अचानक सक्रिय हो जाते हैं, उनकी विशेष निगरानी की जाए, क्योंकि ऐसे मामलों में कालाबाजारी की संभावना रहती है।
इसके अलावा एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि यदि गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसकी सूचना समय से प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
बैठक में क्षितिज गैस एजेंसी, KMVN, आशीर्वाद गैस एजेंसी, बिष्ट गैस एजेंसी, ज्वाला गैस एजेंसी और सरमज गैस एजेंसी के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
