गैस को लेकर अफवाहों से बचें: एलपीजी की कोई कमी नहीं, घबराकर बुकिंग न करें – इंडियन ऑयल
संवाददाता सीमा खेतवाल
बागेश्वर। एलपीजी आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में फैल रहे भ्रम को दूर करते हुए इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में गैस बुकिंग करने से बचें।
कंपनी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार हाल के दिनों में तकनीकी कारणों से एलपीजी वितरण से संबंधित एसडीएमएस (SDMS) प्रणाली में अस्थायी व्यवधान उत्पन्न हुआ था। इसके चलते कुछ स्थानों पर गैस बुकिंग और डीएसी (Delivery Authentication Code) जनरेट होने की प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिससे रिफिल की डिलीवरी में कुछ देरी की स्थिति बनी और उपभोक्ताओं में गैस की कमी को लेकर भ्रम पैदा हो गया।
इंडियन ऑयल ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए डीएसी (ओटीपी) की अनिवार्यता में अस्थायी रूप से छूट दी गई है, ताकि वितरण प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
निर्देशों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग पहले से दर्ज है, उन्हें निर्धारित समय के अनुसार रिफिल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना बुकिंग के गैस वितरण नहीं किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया तय मानकों के अनुसार ही संचालित होगी।
यदि किसी कारणवश ऑनलाइन बुकिंग संभव नहीं हो पा रही है, तो गैस एजेंसियों को मैनुअल बुकिंग दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए एजेंसियां बुकिंग रजिस्टर में उपभोक्ता का नाम, ग्राहक संख्या, मोबाइल नंबर और हस्ताक्षर सहित पूरा विवरण दर्ज करेंगी। बाद में सिस्टम सामान्य होने पर इसे एसडीएमएस प्रणाली में अपडेट किया जाएगा, जिससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
इंडियन ऑयल ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे 25 दिनों की निर्धारित अवधि से पहले गैस बुकिंग करने का प्रयास न करें, क्योंकि बार-बार या अनावश्यक बुकिंग करने से सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और अन्य उपभोक्ताओं को परेशानी हो सकती है।
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि एलपीजी आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं को समय पर रिफिल उपलब्ध कराया जा रहा है।
जनपद बागेश्वर के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे संयम बनाए रखें और गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें
