Spread the love

घर में घुसकर जानलेवा हमला करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद

रामनगर। नैनीताल पुलिस ने घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा भी बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और सीओ रामनगर सुमित पांडे के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2026 को वादी गुरमीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह, निवासी ग्राम कंदला ने कोतवाली रामनगर में तहरीर दी थी कि अर्जुन और उसके साथियों ने घर में घुसकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से तमंचे तथा लाठी-डंडों से हमला किया।

इस मामले में कोतवाली रामनगर में मु0अ0सं0 56/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और सघन तलाश के बाद घटना में शामिल हितेश शर्मा को पीरुमदारा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान
हितेश शर्मा पुत्र जितेंद्र शर्मा, निवासी ग्राम जमुनाठेर, जिला बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद किया। इसके आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली रामनगर में मु0अ0सं0 65/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने आपसी रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Spread the love