Spread the love

हल्द्वानी में गैस की किल्लत या कालाबाजारी? सिलेंडर 2000 तक बिकने का आरोप, स्वराज हिन्द फौज ने सीएम को भेजा ज्ञापन

हल्द्वानी। हल्द्वानी क्षेत्र में एलपीजी गैस की कथित किल्लत और कालाबाजारी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में स्वराज हिन्द फौज के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी मनोज कात्याल के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व स्वराज हिन्द फौज के संस्थापक अध्यक्ष सुशील भट्ट  और उत्तराखंड चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति कुमाऊं मंडल अध्यक्ष डॉ. हरीश पाल ने संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान स्वराज हिन्द फौज के संस्थापक अध्यक्ष सुशील भट्ट ने आरोप लगाया कि कुछ लोग एलपीजी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण कर बाजार में कृत्रिम संकट पैदा कर रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका कहना है कि कई जगह गैस सिलेंडर ब्लैक में लगभग 2000 रुपये तक बेचे जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गैस की कालाबाजारी और अवैध भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गुंडा एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए, ताकि आम जनता की मजबूरी का फायदा उठाने वालों पर प्रभावी रोक लग सके।

वहीं डॉ. हरीश पाल ने कहा कि गैस सिलेंडर केवल एक वस्तु नहीं बल्कि हर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार की रसोई की जीवनरेखा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा निजी लाभ के लिए गैस की कृत्रिम कमी पैदा करना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि समाज के साथ भी अन्याय है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अवैध रूप से गैस का भंडारण करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, अवैध स्टॉक जब्त किया जाए और गैस की आपूर्ति आम जनता तक सुचारु रूप से सुनिश्चित की जाए।

साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द ही इस समस्या पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ. हरीश पाल, सुशील भट्ट, के.एस. काण्डपाल, पी.सी. दानी, डी.एन. जोशी, भुवन तिवारी, प्रकाश जोशी, भास्कर साह, विकास कुमार, पवन अर्पित पाल और अमित सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।


Spread the love