Spread the love

कथैतवाड़ा वार्ड में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, नगर पालिका ने स्वच्छ वार्ड और मॉडल वार्ड बनाने का लिया संकल्प

संवाददाता सीमा खेतवाल

बागेश्वर। नगर पालिका परिषद बागेश्वर की ओर से कथैतवाड़ा वार्ड में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश सिंह खेतवाल ने की। इस दौरान स्थानीय लोगों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वच्छता के महत्व और साफ-सफाई से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में माननीय सभासद प्रेम सिंह हरड़िया और हीरा वल्लभ भट्ट, सिटी मिशन मैनेजर उर्मिला बिष्ट, जिला मिशन मैनेजर राजेश उनियाल, सीओ गणेश शाही तथा सखी स्वायत्त सहकारी समिति की कोषाध्यक्ष संगीता शाह मौजूद रहे। सभी ने मिलकर वार्डवासियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।

इस अवसर पर दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के अंतर्गत गठित समूहों की महिलाएं और करीब 150 वार्डवासी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वार्ड में गठित स्वयं सहायता समूहों को समूह प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था और कूड़ा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

अधिकारियों ने लोगों को सूखे और गीले कूड़े को अलग-अलग रखने, घर-घर से कूड़ा उठान व्यवस्था और यूजर चार्ज कलेक्शन के बारे में भी बताया। साथ ही सीवरेज निस्तारण, गंदगी से फैलने वाली संक्रामक बीमारियों और उनके दुष्प्रभावों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में वार्ड को स्वच्छ और मॉडल वार्ड बनाने पर चर्चा की गई तथा नए स्वयं सहायता समूहों के गठन के लिए महिलाओं को प्रेरित किया गया। इसके अलावा वार्डवासियों ने बिजली, पानी, सड़क, शौचालय और आवास से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को डिजिटल लेनदेन के दौरान सावधानी बरतने की भी जानकारी दी गई और स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।


Spread the love