Spread the love

बागजाला में सड़कों की मरम्मत को लेकर किसान महासभा का चेतावनी धरना, शीघ्र कार्य न होने पर आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी (नैनीताल)। बागजाला (गौलापार) क्षेत्र में खराब सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान महासभा, बागजाला ग्राम कमेटी ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय चेतावनी धरना-प्रदर्शन किया।

धरना समाप्ति के बाद प्रतिनिधिमंडल ने अधिशासी अभियंता से वार्ता कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि गांव की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए किसान महासभा द्वारा 100 दिनों तक धरना देने के बाद 24 नवंबर 2025 को उपजिलाधिकारी हल्द्वानी की उपस्थिति में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच समझौता हुआ था।

इस समझौते में सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण, जल जीवन मिशन की योजना को पुनः शुरू करने, क्षतिग्रस्त गूल/नहरों की मरम्मत, पुराने निवासियों को मकानों की मरम्मत व आवश्यक निर्माण की अनुमति, महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा हेतु सोलर/स्ट्रीट लाइट लगाने तथा बिजली-पानी के नए कनेक्शन देने पर सहमति बनी थी।

ग्रामीणों के अनुसार, शासन से सड़कों के लिए 13.31 लाख रुपये स्वीकृत होने के बाद विभाग ने गड्ढे भरने का कार्य शुरू किया, लेकिन यह अधूरा ही छोड़ दिया गया। अधिकारियों ने शेष कार्य फरवरी में शुरू करने का आश्वासन दिया था, परंतु मार्च का आधा महीना बीतने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ है।

इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए भाकपा (माले) नैनीताल के जिला सचिव डॉ. कैलाश पाण्डेय ने इसे विभाग की वादाखिलाफी बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को गड्ढों से भरी सड़कों पर चलने को मजबूर होना पड़ रहा है और यदि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।

किसान महासभा बागजाला कमेटी की अध्यक्ष डॉ. उर्मिला रैस्वाल ने कहा कि खराब सड़कों के कारण बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी हो रही है।

वहीं अधिशासी अभियंता ने आश्वासन दिया कि बागजाला की सड़कों की मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में डॉ. कैलाश पाण्डेय, डॉ. उर्मिला रैस्वाल, वेद प्रकाश, विमला देवी, प्रेम सिंह नयाल, पंकज चौहान, दीवान सिंह बर्गली, ललित प्रसाद, हेमा आर्य, मो. यासीन, चन्दन सिंह मटियाली, दौलत सिंह कुंजवाल, जीवंती देवी, दिनेश चंद्र, ललित मोहन, प्रकाश, वासुदेव, महेश राम, चेतन मटियाली, धनी राम, गणेश राम, हेमा देवी सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।


Spread the love