स्टोन क्रेशर सीज
Spread the love

हरिद्वार में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: 14 स्टोन क्रेशर सीज, 10 करोड़ से अधिक जुर्माना प्रस्तावित

हरिद्वार।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देशों के बाद उत्तराखण्ड में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय के निदेशक राजपाल लेघा के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने हरिद्वार और लक्सर क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रेशरों पर व्यापक छापेमारी अभियान चलाया।

इस दौरान तहसील हरिद्वार के ग्राम बाडीटीप और तहसील लक्सर के फतवा, महतौली, मुज्जफरपुर गुजरा, नेहन्दपुर व जवाहरखान (झीवरहेड़ी) क्षेत्रों में संचालित कुल 14 स्टोन क्रेशरों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

निदेशक राजपाल लेघा के निर्देश पर सभी संबंधित स्टोन क्रेशरों की मौके पर पैमाइश कर उन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। साथ ही, उनके ई-रवन्ना पोर्टल को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है, जिससे खनिजों का परिवहन पूरी तरह रोक दिया गया है।

प्रारंभिक जांच में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के स्पष्ट प्रमाण मिलने पर संबंधित इकाइयों के खिलाफ एमएमडीआर एक्ट 1957 की धारा 23C तथा उत्तराखण्ड खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियमावली 2021 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इन स्टोन क्रेशरों पर कुल 10 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है।

इस अभियान में उप निदेशक, खान अधिकारी, जिला खान अधिकारी हरिद्वार सहित विभाग के कई अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी शामिल रहे।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई को प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे भविष्य में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love