सरकार का बड़ा प्रशासनिक फैसला: यूपीसीएल और यूजेवीएनएल के एमडी समेत कई अधिकारी कार्यमुक्त
देहरादून।उत्तराखंड की धामी सरकार ने सोमवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए ऊर्जा क्षेत्र में अहम बदलाव किए हैं। सरकार ने यूपीसीएल और यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशकों (एमडी) सहित कई अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है। ये सभी अधिकारी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार पर कार्यरत थे।
प्रमुख सचिव ऊर्जा आर. मीनाक्षी सुंदरम द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यूपीसीएल के एमडी अनिल कुमार, जिन्हें 30 जून 2024 से एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था, अब अपने पद से हटा दिए गए हैं।
सरकार ने यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक (यमुना वैली, प्रथम) पी. के. गजेंद्र सिंह धुडियाल को यूपीसीएल का नया एमडी नियुक्त किया है।
वहीं, यूजेवीएनएल के एमडी संदीप सिंघल, जो सेवा विस्तार पर कार्यरत थे, उन्हें भी कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह यूजेवीएनएल के महाप्रबंधक (भागीरथी वैली) अजय कुमार सिंह को एमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, यूपीसीएल के निदेशक (परियोजना) अजय कुमार अग्रवाल को भी पद से हटा दिया गया है। फिलहाल उनके स्थान पर किसी नए अधिकारी की नियुक्ति नहीं की गई है।

सरकार के इस फैसले को ऊर्जा विभाग में सुधार और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

