Spread the love

वीवीआईपी दौरे को लेकर हल्द्वानी में हाई लेवल ब्रीफिंग, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

हल्द्वानी। माननीय केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के प्रस्तावित जनपद नैनीताल भ्रमण को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के सभागार में उच्चस्तरीय पुलिस एवं प्रशासनिक ब्रीफिंग आयोजित की गई।

वीवीआईपी दौरे को लेकर

यह ब्रीफिंग कुमाऊं परिक्षेत्र नैनीताल की पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आईजी एसटीएफ श्री नीलेश आनंद भरणे, आईजी अभिसूचना श्री करन सिंह नगन्याल, जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन लाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में वीवीआईपी कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वीवीआईपी सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाए। कार्यक्रम स्थल, रूट और आसपास के क्षेत्रों में सघन एंटी-सबोटाज चेकिंग की जाए, जिसमें बम निरोधक दस्ते (BDS) और डॉग स्क्वायड की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाए।

केवल अधिकृत पास धारकों को ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान पूरे रूट को क्लियर रखा जाएगा और छतों व ऊंची इमारतों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से पहले ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, वायरलेस व अन्य संचार माध्यमों से लगातार संपर्क बनाए रखने और कंट्रोल रूम द्वारा 24×7 मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ATS, QRT और रिजर्व फोर्स को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है, जबकि फायर सर्विस, एंबुलेंस और मेडिकल टीम को स्टैंडबाय पर रखा जाएगा।

ईद और लंबे वीकेंड को देखते हुए 21 और 22 मार्च 2026 को नैनीताल जनपद में भारी भीड़ और पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।

इन दो दिनों में सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक पूरे जनपद में भारी और मालवाहक वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। हालांकि दूध, सब्जी, पेट्रोल-डीजल, एलपीजी गैस, मेडिकल सप्लाई और ऑक्सीजन जैसी आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।

आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया जाएगा। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय, अनुशासन और शिष्टाचार बनाए रखते हुए ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक योजना तैयार रखने को भी कहा गया।

कार्यक्रम समाप्ति के बाद भीड़ के सुरक्षित और व्यवस्थित डिस्पर्सल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान जनपद और अन्य जिलों से आए पुलिस अधीक्षक, पीएसी, एसडीआरएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

उच्चाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री के दौरे को सकुशल, शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संपन्न कराएं।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love