हल्द्वानी से लापता 3 स्कूली छात्र 3 घंटे में रामनगर से सुरक्षित बरामद
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। हल्द्वानी से लापता हुए तीन नाबालिग स्कूली छात्रों को महज तीन घंटे के भीतर रामनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इस कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 28 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि हल्द्वानी के एक स्कूल में पढ़ने वाले तीन छात्र सुबह स्कूल गए थे, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश के बाद जब बच्चों का पता नहीं लगाया जा सका तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पूरे जनपद में अलर्ट जारी कर दिया गया। सभी थाना क्षेत्रों, चेक पोस्ट और बैरियरों को सतर्क करते हुए बच्चों की जानकारी वायरलेस और सोशल मीडिया के माध्यम से तेजी से प्रसारित की गई।
एसपी सिटी हल्द्वानी और एसपी नैनीताल के पर्यवेक्षण में, सीओ हल्द्वानी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस की मदद से बच्चों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद रामनगर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तीनों छात्रों को रामनगर क्षेत्र से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में बच्चों ने घर से नाराज होकर चले जाने की बात बताई। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित थाने लाकर परिजनों को सूचना दी। अपने बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
आवश्यक काउंसलिंग और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया गया। एसएसपी नैनीताल ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर नजर रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 पर संपर्क करें।


