“हल्द्वानी में गुंडागर्दी: युवती को बचाने पहुंची नर्स पर बरसे मुक्के, , मारपीट में घायल”
हल्द्वानी। शहर के दमुवादूंगा इलाके में दिनदहाड़े गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती को पिटता देख उसे बचाने पहुंची नर्स पर ही आरोपी युवक ने हमला कर दिया। बुरी तरह पिटाई के बाद नर्स सड़क पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पीड़िता नर्स मसीहा (काल्पनिक नाम) के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाला एक युवक अक्सर एक युवती के साथ आता-जाता था। बुधवार सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि युवक ने सरेआम सड़क पर युवती को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।
यह मंजर देख मसीहा (काल्पनिक नाम) खुद को रोक नहीं सकीं और बीच-बचाव के लिए पहुंच गईं। लेकिन इंसानियत दिखाना उन्हें भारी पड़ गया। आरोपी युवक उन पर ही टूट पड़ा और गुस्से में उनके चेहरे और सीने पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाने लगा।
करीब पांच मिनट तक चली इस बेरहम पिटाई के बाद नर्स बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
मसीहा (काल्पनिक नाम) का आरोप है कि आरोपी युवक पहले भी उनके घर में घुस चुका है, जिससे वह पहले से ही डरी-सहमी थीं। अब वह इस पूरे मामले में पुलिस को तहरीर देने की तैयारी कर रही हैं।
वहीं काठगोदाम थाना पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


