ब्रिगेडियर मर्डर केस
Spread the love

ब्रिगेडियर मर्डर केस: ZEN-Z बार के संचालक सहित 4 आरोपी गिरफ्तार, 4 फरार

देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई फायरिंग में 74 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ZEN-Z बार के संचालक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ एक दिन पहले ZEN-Z बार में हुआ विवाद था। यहां बिल कम कराने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि बार स्टाफ ने एक पक्ष की स्कॉर्पियो गाड़ी का शीशा तोड़ दिया, जिससे विवाद और भड़क गया।

अगले दिन बदला लेने के इरादे से स्कॉर्पियो सवार युवक फॉर्च्यूनर कार का पीछा करते हुए राजपुर क्षेत्र तक पहुंच गए और दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले ब्रिगेडियर मुकेश जोशी बीच में आ गए और उन्हें गोली लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने मामले को रोड रेज का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आ गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से दो तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है।

वहीं, नियमों के उल्लंघन के चलते प्रशासन ने ZEN-Z बार को सील कर दिया है। आबकारी विभाग ने बार पर नोटिस चस्पा कर दिया है और उसका लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


Spread the love